नारायणपुर| रामकृष्ण मिशन आश्रम में चल रहे राष्ट्रीय महिला फुटबॉल टूर्नामेंट में गुरुवार को पहला मैच मणिपुर बनाम महाराष्ट्र और दूसरा मैच ओडिशा बनाम झारखंड खेला गया। पहले मैच में मणिपुर ने 6-1 से महाराष्ट्र को हराया। वहीं दूसरे मैच में ओडिशा ने 4-0 से झारखंड को मात दी। पहले मैच में खेल के 10वें मिनट पर मणिपुर की दंगमेई ग्रेस ने पहला गोल दागा। इसके बाद 14वें, 63वें, 72वें मिनट में प्रियंका देवी, 74वें मिनट में हेमन सिल्की देवी और 82वें मिनट में असेम रोजा देवी ने एक-एक कर 6 गोल दागे। वहीं खेल के 57वें मिनट में महाराष्ट्र की सुमैया शेख ने टीम के लिए एकमात्र गोल दागा। मैच की प्लेयर ऑफ दि मैच प्रियंका देवी रहीं। दूसरे मैच में ओडिशा की सुभद्रा ने खेल के 10वें मिनट में एक गोल दागा। इसके बाद ओडिशा की ही मोनिका मिंज ने 51वें मिनट, सुमित्रा हेम्ब्रेम ने 59वें मिनट और मनीषा नाइक ने 80वें मिनट में एक गोल दागा। इस मैच में ओडिशा की मनीषा प्लेयर ऑफ दि मैच रहीं।