मतगणना की पूर्व संध्या पर शहर में फ्लैग मार्च, शांति रखने की अपील

भास्कर न्यूज|गिरिडीह नगर निगम और नगर पंचायत की मतगणना शुक्रवार को होगी। इसे लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी के मद्देनजर मतगणना की पूर्व संध्या पर शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान शहर वासियों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। फ्लैग मार्च पचंबा से लेकर अलकापुरी, भंडारीडीह, टावर चौक, मकतपुर, कालीबाड़ी, मुस्लिम बाजार, बड़ा चौक, बरवाडीह सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए नगर थाना पहुंची। 23 फरवरी को मतदान के दिन गिरिडीह के वार्ड संख्या 18 में आजादनगर भंडारीडीह में हुई गोलीबारी और उसके बाद हुए सड़क जाम की घटना के कारण शहर में तनाव की स्थिति बन गई थी। इस बीच गोलीबारी में घायल शमीम राइन की मौत हो गई थी। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी, स्थानीय के अलावा आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को शहर के विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया, ताकि मतगणना के दौरान किसी प्रकार की असुरक्षा उत्पन्न न हो। फ्लैग मार्च एएसपी सुरजीत कुमार, डीएसपी नीरज कुमार सिंह व नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह के नेतृत्व में निकाला गया। फ्लैग मार्च में आरपीएफ, आईआरबी और जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे। जवानों ने शहर के संवेदनशील और प्रमुख इलाकों में पैदल मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। मौके पर एएसपी सुरजीत कुमार ने कहा कि 27 फरवरी को पचंबा बाजार समिति में होने वाली मतगणना के दौरान गड़बड़ी करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने व शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *