मतदाता सूची में 3 विधानसभाओं में 8253 नए मतदाता बढ़ गए

भास्कर न्यूज | धमतरी भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशों के तहत, धमतरी जिले के अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्र सिहावा, कुरूद और धमतरी की फोटोयुक्त मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य संपन्न किया गया। यह प्रक्रिया 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक सभी मतदान केंद्रों में बूथ स्तर अधिकारियों के माध्यम से पूरी की गई। इस दौरान मतदाताओं के नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया हुई। जिन मतदाताओं का निधन हो गया है या जो विवाह अथवा अन्य कारणों से संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्र से बाहर निवास कर रहे हैं, उनके नाम सूची से हटाए गए। इसके अतिरिक्त, तिथि 1 जनवरी के अलावा 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से आवेदन प्राप्त हुए। इन युवाओं को नामांकन के लिए प्रेरित करने हेतु महाविद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किए गए। प्राप्त दावा-आपत्तियों का निपटारा, जांच, सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया 14 फरवरी 2026 तक पूरी कर ली गई। फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी को किया जाएगा। जिले में प्रारंभिक प्रकाशन के समय 23 दिसंबर को कुल 5 लाख 97 हजार 789 मतदाता दर्ज थे, जिसमें से 2 लाख 95 हजार 579 पुरुष, 3 लाख 2 हजार 207 महिलाएं और 3 तृतीय लिंग मतदाता थे। अंतिम प्रकाशन में यह संख्या बढ़कर 6 लाख 6 हजार 42 हो रही है, जिसमें 2 लाख 99 हजार 214 पुरुष, 3 लाख 6 हजार 824 महिलाएं और 4 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। जिले में मतदाताओं की कुल संख्या में 8253 की वृद्धि दर्ज हुई है। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या में 3635 की, महिला मतदाताओं में 4617 की और तृतीय लिंग मतदाताओं में 1 की बढ़ोतरी हुई। विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत कुल 7550 नए मतदाता जोड़े गए, जबकि 1409 नाम सूची से हटाए गए हैं। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, दिव्यांग मतदाताओं की संख्या भी पहले के 6 हजार 422 के मुकाबले बढ़कर अब 6 हजार 604 हो गई है। इस प्रकार कुल मिलाकर इसमें 182 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और समावेशी महत्व प्रदान किया गया है। निर्वाचन कार्यालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रकाशित फोटोयुक्त मतदाता सूची का ध्यानपूर्वक अवलोकन करें और आवश्यक संशोधन सुनिश्चित करें। 18-19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या पहले के आंकड़े 5770 से बढ़कर अब 8881 हो गई है, यानी इसमें 3111 की वृद्धि दर्ज हुई है। वहीं, 20-29 वर्ष आयु वर्ग में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह संख्या पहले 1 लाख 31 हजार 447 थी, जो अब बढ़कर 1 लाख 35 हजार 663 हो गई है, यानी यहां 4216 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। वरिष्ठ नागरिक (80 वर्ष से अधिक उम्र) वर्ग में मामूली कमी देखी गई है। इनकी संख्या पहले 4536 थी, जो अब घटकर 4532 हो गई है। इस वर्ग में 4 नामों का विलोपन हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *