भास्कर न्यूज | दुमका आसनसोल के डीआरएम चेतनानद सिंह ने रविवार को दुमका रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत महोत्सव के तहत चल रहे निर्माण कार्य और कोयला साइडिंग का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में बिखरे निर्माण सामग्री देखकर नाराजगी जताई। डीआरएम ने कहा कि अमृत महोत्सव के तहत 90 फीसदी काम पूरा हो चुके हैं। निर्माण सामग्री नहीं हटाने से स्टेशन गंदा दिखता है और यात्रियों को परेशानी होती है। उन्होंने स्टेशन मास्टर को निर्देश दिया कि 15 मई तक सारी निर्माण सामग्री हटाकर परिसर में सफाई कराई जाए। 15 मई के बाद किसी भी दिन आकर फिर से निरीक्षण किया जाएगा। इस बार किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीआरएम ने कहा कि इतना पैसा खर्च करने के बाद भी यात्रियों को सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना चाहिए। डीआरएम ने बताया कि कोयला लोडिंग के लिए शॉर्ट और लॉन्ग टर्म योजना बनाई गई थी। इसी के तहत स्टेशन में कोयला लोडिंग का काम शुरू किया गया। यहां प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सभी निर्देशों का पालन किया गया है। कुरूवा में हावड़ा डिवीजन की ओर से लोडिंग प्वाइंट बनकर चालू हो गया है। कुछ कोयला रैक वहां से भेजे जा रहे हैं। नए प्रोजेक्ट के तहत जामा के न्यू मदनपुर में भी लोडिंग प्वाइंट बनेगा। इसके लिए 40 करोड़ रुपये मंजूर हो गए हैं। दो साल में निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद दुमका स्टेशन से कोयला ढुलाई का काम लगभग बंद हो जाएगा। मदनपुर से कोयला ढुलाई चालू होने के बाद काफी हद तक प्रदूषण से मिलेगी निजात डीआरएम ने कहा कि कोयला ढुलाई के आसपास रेलवे की ओर से पौधरोपण किया गया था। पानी की कमी से कई पौधे सूख गए। वन विभाग द्वारा लगाए गए पौधे अच्छे से बढ़े हैं। इस बार पौधरोपण का जिम्मा वन विभाग को दिया जाएगा। इस पर 40 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। कोयला राख से हो रहे प्रदूषण को लेकर मुहल्ले के आंदोलनकारियों ने प्रोफेसर शंभू सिंह की अगुवाई में डीआरएम से मुलाकात की। आंदोलनकारियों ने बताया कि यार्ड बनने के बाद से प्रदूषण बढ़ गया है। घर की हर चीज कोयला राख से खराब हो रहे हैं। लोग बीमार पड़ रहे हैं। डीआरएम ने स्वीकार किया कि लोगों को प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हावड़ा डिवीजन के कुरुवा साइडिंग से कोयला रैक भेजा जा रहा है। पहले दुमका स्टेशन को लोडिंग प्वाइंट बनाया गया था। अब मदनपुर में कोयला प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल गई है। जल्द काम शुरू होगा। मदनपुर से कोयला ढुलाई चालू होने के बाद लोगों को काफी हद तक प्रदूषण से राहत मिलेगी।डीआरएम ने बताया कि स्टेशन परिसर में लिफ्ट का काम लगभग पूरा हो गया है। 15 दिन के अंदर लिफ्ट चालू हो जाएगी। इससे एक नंबर प्लेटफॉर्म से दो और तीन नंबर प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। फर्स्ट क्लास और सेकंड क्लास वेटिंग रूम भी लगभग तैयार हो गया है। जल्द ही यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।


