गोड्डा जिले के बलबड्डा थाना क्षेत्र में एक लकड़बग्घे की मौत से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बलबड्डा-दियाजोरी मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे मृत लकड़बग्गा मिला। सुबह जब लोग इस रास्ते से गुजर रहे थे, तब उन्होंने इस जंगली जानवर के शव को देखा। स्थानीय लोगों के अनुसार, लकड़बग्गा एक खतरनाक जंगली जानवर है। यह मनुष्यों को अपना शिकार बना सकता है। विशेषकर छोटे बच्चों के लिए यह ज्यादा खतरनाक है। माना जा रहा है कि यह जानवर पास के मधुपुर पहाड़ से रात के समय नीचे उतरा होगा। सड़क पार करते समय किसी वाहन की चपेट में आने से इसकी मौत हुई होगी। बलबड्डा थाना प्रभारी अमित मार्की ने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस टीम भेजी गई है। उन्होंने कहा कि वन विभाग को भी इस घटना की सूचना दे दी गई है। इस घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है।