भास्कर संवाददाता | चूरू श्रीगंगानगर एसीबी टीम ने मनरेगा कार्य का बिल पास करवाने की एवज में पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते जिला परिषद के कनिष्ठ सहायक को बुधवार शाम गिरफ्तार किया। आरोपी ने जैतासर सरपंच से बिल पास करवाने की एवज में 15 हजार रुपए मांगे थे। आरोपी ने 10 हजार रुपए फोन पे पर ऑनलाइन ले लिए थे और बाकी पांच हजार की मांग कर रहा था। श्रीगंगानगर एसीबी के सीआई राजेंद्र कुमार ने बताया कि परिवादी ने 15 फरवरी को ऑनलाइन शिकायत की थी। टीम ने 16 फरवरी को चूरू आकर शिकायत का सत्यापन करवाया, तो सही निकली। सीआई के नेतृत्व में बुधवार को चूरू पहुंची टीम ने आरोपी चूरू जिला परिषद के कनिष्ठ सहायक सुभाषचंद्र शर्मा को सह परिवादी से उसकी पंचायत द्वारा वर्ष 2023-24 के मनरेगा के तहत करवाए कार्यों के पेंडिंग भुगतान करवाने की एवज में पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। सीआई के अनुसार शिकायत मिली थी कि कनिष्ठ सहायक शर्मा रुपए नहीं देने पर भुगतान नहीं करवाने की धमकी देकर परिवादी को परेशान कर रहा है। टीम बुधवार देर शाम तक गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ व कार्रवाई में जुटी हुई थी।


