भास्कर न्यूज | बालोद सोमवार को पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अजय चंद्राकर बालोद पहुंचे और जिला भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय बजट, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, धान खरीदी और विधानसभा से जुड़े मुद्दे पर चर्चा की। चंद्राकर ने बजट को आम जनता, किसानों और मजदूरों के लिए लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि मनरेगा का बजट 95 हजार करोड़ से बढ़ाकर 1.5 लाख करोड़ रुपये किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी परिसंपत्तियां बनेगी और मजदूरों को रोजगार मिलेगा। पूर्व मंत्री ने बताया कि योजना शुरू होने पर इसका नाम छत्तीसगढ़ रोजगार गारंटी अधिनियम रखा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष भूपेश बघेल ने दिल्ली जाकर इसका नाम बदलवाया और महात्मा गांधी का नाम जोड़ा। चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस को छत्तीसगढ़ के नाम से घृणा थी। चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश में अब तक 28 लाख मकान बनाए जा चुके हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह गरीबों के हितों के खिलाफ राजनीति करती रही है और मनरेगा के नाम पर हिसाब-किताब पूछकर मकानों के निर्माण में बाधा डालती है। धान खरीदी और अन्य सवाल के जवाब दिए धान खरीदी के सवाल पर उन्होंने कहा कि अंतिम आंकड़े जारी होने के बाद विस्तार से जानकारी दी जाएगी। विधानसभा से जुड़ी संवैधानिक प्रक्रिया, कवासी लखमा के मामले और कांग्रेस नेताओं की अनुपस्थिति पर उन्होंने कहा कि बिना आधिकारिक जानकारी टिप्पणी करना उचित नहीं है। टीबी के बढ़ते मामलों के संबंध में चंद्राकर ने कहा कि सरकार सभी संक्रामक रोगों के उन्मूलन के लिए लगातार प्रयास कर रही है और रेड जोन क्षेत्रों में जांच प्रक्रिया जारी है। लक्ष्य छग को टीबी मुक्त बनाना है।


