बैकुंठपुर | एमसीबी जिले के ब्लॉक खड़गवां में मनरेगा के तहत ग्रामीण मजदूरों की बजाय मशीन से निर्माण कार्य कराने का आरोप सामने आया है। मामला नेवरी बैरडांड में स्वीकृत तालाब निर्माण से जुड़ा है। पंचायत प्रतिनिधियों ने रोजगार सहायक की मनमानी के खिलाफ जनपद पंचायत सीईओ को लिखित शिकायत देकर जांच की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तालाब की खुदाई जेसीबी मशीन से रात में कराई गई, जबकि मस्टर रोल में मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की गई। इससे स्थानीय श्रमिकों को रोजगार नहीं मिल पा रहा, जो योजना के उद्देश्य के विपरीत है। जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर जनपद पंचायत के सीईओ ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच की जाएगी। मशीन से कार्य कराए जाने की पुष्टि होने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


