मनरेगा में महंगाई के अनुपात में मजदूरी बढ़ाने की मांग:’आप आप रै साथ’ अभियान में मजदूरों ने रखी अपनी बात

हनुमानगढ़ में आम आदमी पार्टी (आप) के ‘आप आप रै साथ’ अभियान के तहत रविवार को मनरेगा मजदूरों से संवाद किया गया। इस दौरान उनकी समस्याओं को सुना गया।
जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल के नेतृत्व में ओबीसी विंग जिलाध्यक्ष लीलाधर भाट, वरिष्ठ सदस्य गोपाल मेघवाल और सतपाल भाट ने ग्राम पंचायत भूनावाली ढाणी एवं 13 केएसपी स्थित मनरेगा साइट पर श्रमिकों से मुलाकात की। मजदूरों ने महंगाई के अनुपात में मजदूरी बढ़ाने की प्रमुख मांग उठाई। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों को नियमित रूप से महंगाई भत्ता और वेतन वृद्धि मिलती है, जबकि मनरेगा श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी पर ही काम करना पड़ता है। श्रमिकों ने यह भी बताया कि पहले कार्यस्थल पर पेयजल, प्राथमिक उपचार, छाया और उपकरण जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध थीं, लेकिन अब इनमें कटौती की जा रही है। श्रमिकों ने शिकायत की कि उन्हें 7 से 8 किलोमीटर दूर स्थित कार्यस्थल तक पैदल जाना पड़ता है, जिससे विशेष रूप से महिला श्रमिकों को परेशानी होती है। महिला मजदूरों ने गर्भवती श्रमिकों के लिए सरकारी महिला कर्मचारियों की तरह प्रसव अवकाश और उस अवधि की मजदूरी देने की मांग की। साथ ही, दूरस्थ कार्यस्थलों के लिए वाहन सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई। श्रमिकों ने मनरेगा के तहत 125 दिनों के रोजगार की पूरी मजदूरी देने, 100 दिनों के रोजगार की प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित करने और धात्री महिलाओं के लिए पौष्टिक आहार की व्यवस्था करने की भी मांग की। ‘आप’ नेताओं ने मजदूरों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाया जाएगा। मजदूरों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होगी और कार्यस्थलों पर सुविधाओं में सुधार आएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *