मनरेगा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का दिया निर्देश

भास्कर न्यूज | जामताड़ा सदर प्रखंड सभागार में बीडीओ प्रवीण चौधरी की अध्यक्षता में विकास योजनाओं की मंगलवार को समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिरसा हरित आम बगवानी योजना, पंचायत सचिवालय की उपस्थिति व्यवस्था सहित कई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बीडीओ ने मनरेगा में महिला मजदूरों की भागीदारी बढ़ाने का निर्देश दिया। सभी रोजगार सेवकों को महिलाओं के नाम पर अधिक से अधिक डिमांड जनरेट करने को कहा। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा सकेगा। वित्तीय वर्ष 2022-23 से पहले की सभी लंबित योजनाओं को एक सप्ताह में बंद करने का सख्त निर्देश दिया गया। बीडीओ ने कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए जिम्मेदारों को सक्रिय रहना होगा। बिरसा हरित आम बगवानी योजना की समीक्षा में बीडीओ ने कहा कि जहां जरूरत हो, वहां तुरंत नया वर्ककोड खुलवाया जाए। इससे योजना को जमीन पर प्रभावी रूप से लागू किया जा सकेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना और अवुआ आवास योजना को लेकर बीडीओ ने कहा कि मनरेगा मजदूरी के भुगतान में देरी न हो। इसके लिए समय पर डिमांड जनरेट की जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना (आवास प्लस) के तहत पंचायतों में योग्य लाभुकों का सर्वे 30 अप्रैल तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया। पात्र लाभुकों की आवास स्वीकृति के लिए सभी जरूरी दस्तावेज तुरंत जमा कराने को कहा गया। पंचायत सचिवों को बायोमेट्रिक उपस्थिति बनाने का निर्देश पंचायती राज व्यवस्था की समीक्षा में बीडीओ ने सभी पंचायत सचिवों को अपने पंचायत कार्यालय में बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन अनुशासन जरूरी है। इसमें किसी तरह की कोताही नहीं चलेगी। योजनाओं के क्रियान्वयन में जनता को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। बैठक में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी प्रदीप टोप्पो, प्रखंड समन्वयक राकेश महतो, इंद्रजीत मंडल, सहायक अभियंता मनोज मुर्मू, कनीय अभियंता मुकेश कुमार, वकील मुर्मू, सभी पंचायत सचिव, रोजगार सेवक और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *