मनाली विंटर कार्निवल 2025 के दौरान शहर को करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री 20 जनवरी को हिडिंबा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद सर्किट हाउस से महिला मंडलों , विभिन्न विभागों और सांस्कृतिक दलों की झांकियों को हरी झंड़ी देकर कार्निवल का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर वे कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें 8.5 करोड़ का पतलीकूहल बस स्टैंड, 14.30 करोड़ का बस पार्किंग यार्ड का जीर्णोद्धार शामिल है। साथ ही बराण पंचायत में 8.66 करोड़, पतलीकूहल में 8.72 करोड़, रायसन में 8.73 करोड़, दुआड़ा में 8.97 करोड़, क्लाथ में 8.34 करोड़ और आलू ग्राउंड में 8.64 करोड़ की लागत से विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ नियंत्रण कार्यों की परियोजनाएं भी शुरू होंगी। इस वर्ष कार्निवल में एक विशेष आकर्षण सोलंगनाला में आयोजित होने वाली स्की स्टेट चैंपियनशिप होगी। विधायक भुवनेश्वर गौड़ के अनुसार, कार्निवल की तिथियों में बदलाव किया गया है ताकि पर्याप्त बर्फबारी के साथ विंटर गेम्स का आयोजन सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और लोकनिर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री मनाली फोरलेन पुल से ओल्ड मनाली तक बनने वाली बाईपास सड़क की आधारशिला भी रखेंगे। समारोह के लिए पूरी मनाली को भव्य रूप से सजाया गया है।


