झारखंड सरकार ने 2000 बैच की आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को निलंबन से मुक्त कर दिया है। मंगलवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई। फिलहाल उन्हें पैतृक विभाग कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग में योगदान करने का निर्देश दिया गया है। सरकार ने उन्हें जमानत मिलने की तिथि 7 दिसंबर 2024 से निलंबन मुक्त किया है। निलंबन समीक्षा समिति की अनुशंसा पर सरकार ने यह फैसला लिया है। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने 12 मई 2022 को तत्कालीन खान सचिव पूजा सिंघल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया। तब से वह जेल में थीं। 7 दिसंबर 2024 को पीएमएलए कोर्ट से जमानत मिलने और जेल से रिहा होने के बाद उनका निलंबन हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। कार्मिक विभाग ने इससे संबंधित फाइल मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित निलंबन समीक्षा समिति की बैठक को भेज दी। समिति ने पूरे मामले की समीक्षा के बाद उनका निलंबन वापस लेने की अनुशंसा की थी।


