श्री नर्मदेश्वर शिव मंदिर बाबा बुड्ढा जी नगर रामामंडी में भक्तों की ओर से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया। विद्वानों ने विधिवत पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कथा वाचक पंडित बृज किशोर शरण ने भगवान के स्वरूप का वर्णन करते हुए कहा कि ईश्वर सत्य है वह आदिकाल से था, वर्तमान में भी है और भविष्य में भी रहेगा। जीवन में सत्य बोलने वाला भगवान के दर्शन करता है। सत्य बोलने वाले की जीभ पर सरस्वती विराजमान रहती हैं, महाभारत में भगवन ने सत्य पर चलते हुए पांडवों का साथ दिया, इसलिए पांडवों की विजय हुई। श्री नर्मदेश्वर शिव मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में मौजूद श्रद्धालु। कथा वाचक ने कहा कि श्रीमद्भागवत की कथा मनुष्य को भगवान से प्रेम करना सिखाती है। यह गुरु-शिष्य परंपरा सिखाती है, माता-पिता की सेवा के लिए प्रेरित करती है। पंडित बृज किशोर शरण ने भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और तप का महत्व बताते हुए कहा कि जीवन में भक्ति के बिना भगवान की प्राप्ति नहीं होती। लेकिन ज्ञान का होना अति आवश्यक है। इस मौके पर प्रधान प्रवीण शर्मा, पं. कुलदीप, रूप लाल ठाकुर, मंगलेश शर्मा, देसराज, प्रेम लता शर्मा, कौशल्या, सुदेश स्नेह, श्रेष्ठा, प्रेम लता व अन्य श्रद्धालु उपस्थित थे।