मनेंद्रगढ़ के ग्राम ताराबहरा में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ ग्रामीण द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का देर रात समापन हो गया। इन प्रतियोगिताओं में कबड्डी सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में पूर्व विधायक गुलाब कमरो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। तीन दिनों तक चली इन प्रतियोगिताओं में ग्रामीण अंचल के खिलाड़ियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे। ग्रामीण खेलों से युवा बने मजबूत और अनुशासित मुख्य अतिथि गुलाब कमरो ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नई दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने खेलों को शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने का माध्यम बताया। कमरो ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ ग्रामीण के अध्यक्ष रामनरेश पटेल ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि गांवों में छिपी प्रतिभाओं को अवसर देने की आवश्यकता है। पटेल ने खिलाड़ियों और ग्रामीणों के उत्साह को ऐतिहासिक बताते हुए भविष्य में बड़े स्तर पर खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने आयोजन समिति, सहयोगियों और ग्रामीणों के प्रति आभार भी व्यक्त किया। पुरुष कबड्डी में 16 टीमों ने लिया भाग पुरुष कबड्डी में 16 टीमों ने भाग लिया, जिसमें खेलो इंडिया MCB बंजी प्रथम और कछौड़ द्वितीय स्थान पर रहा। महिला कबड्डी में 8 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें खेलो इंडिया MCB बंजी ने प्रथम और खड़गवा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रस्साकसी पुरुष वर्ग में कछौड़ और सिरौली विजेता रहे, जबकि महिला वर्ग में बंजी और नवगोई ने जीत हासिल की। सुई-धागा प्रतियोगिता में अमरबती बंजी और अनीता बंजी ने बाजी मारी। मटका फोड़ में अनीता खड़गवा और रीना बंजी, रिबन दौड़ में सुष्मिता बंजी और रीना बंजी, तथा कुर्सी दौड़ में रीना बंजी और पुष्पा बंजी विजेता रहीं। सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में कर्मा नृत्य में ढुलकु प्रथम और सिरौली द्वितीय रहे। सैला नृत्य में बिजौर बहरा ने प्रथम और नवगई ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता टीमों और प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं नकद राशि प्रदान की गई।


