मनोहर चाय आउटलेट्स पर खाद्य विभाग का छापा:मैन्युफैक्चरिंग-एक्सपायरी डेट न होने पर चाय पत्ती के पैकेट जब्त

जबलपुर जिला खाद्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को शहर मनोहर चाय आउटलेट्स के चार ठिकानों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान चाय पत्ती के पैकेटों पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट न होने सहित कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। खाद्य अधिकारी देवेंद्र दुबे ने बताया कि विभाग की टीम ने रामपुर, मेडिकल, धनवंतरी नगर और मदन महल स्थित मनोहर चाय स्टॉल पर जांच की। निरीक्षण के दौरान सभी आउटलेट्स पर विभिन्न फ्लेवर की चाय पत्ती मिली, लेकिन कई पैकेटों पर निर्माण और समाप्ति तिथि अंकित नहीं थी। यह खाद्य सुरक्षा नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। अधिकारियों ने मौके से अनियमिताएं पाए गए चाय पत्ती के पैकेट जब्त कर लिए हैं। इसके साथ ही, संबंधित आउटलेट संचालकों और मनोहर चाय कंपनी को नोटिस जारी कर इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। खाद्य विभाग के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है और नियमों के तहत आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि वे किसी भी खाद्य पदार्थ को खरीदते समय पैकेट पर अंकित सभी आवश्यक जानकारी की जांच अवश्य करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *