गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध वन्यजीवों के लिए प्रसिद्ध है। हाल ही में इस क्षेत्र में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने वन्यजीव विशेषज्ञों और स्थानीय ग्रामीणों दोनों को आश्चर्यचकित कर दिया है। मरवाही के उसाढ़ गांव में बेहद दुर्लभ और निडर माने जाने वाले वन्यजीव ‘हनी बैजर’ (बिज्जू) को देखा गया है। उसाढ़ गांव में उस समय हलचल मच गई, जब ग्रामीणों ने दो अज्ञात जीवों को खुले में घूमते देखा। करीब जाने पर पता चला कि ये जीव दुनिया के सबसे निडर जानवरों में से एक ‘हनी बैजर’ थे। इन दो दुर्लभ बिज्जूओं को एक साथ देखकर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल ग्रामीणों ने इस दुर्लभ दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। हनी बैजर का यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ये जीव शांत स्वभाव के थे, लेकिन काफी चौकन्ने दिखाई दे रहे थे। दुर्लभ जीवों के लिए अनुकूल बना इलाका वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि मरवाही का इलाका भालू और अन्य बड़े वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास रहा है। ऐसे में हनी बैजर का दिखना इस क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता को दर्शाता है। यह इस बात का भी संकेत है कि यहां का पारिस्थितिकी तंत्र आज भी इन दुर्लभ जीवों के लिए अनुकूल बना हुआ है। इस घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे इन जीवों को परेशान न करें। मरवाही के जंगलों से सामने आई यह तस्वीर पर्यावरण प्रेमियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


