बहा पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मरांगबुरु पारसनाथ आगमन की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मधुबन से लेकर दिशोम मांझीथान तक यातायात, सड़क, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं पर व्यापक समीक्षा की जा रही है। शुक्रवार को एसडीपीओ सुमीत प्रसाद एवं बीडीओ मनोज मरांडी ने मधुबन थाना से लेकर पहाड़ की तलहटी तक पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और आवागमन की सुगमता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पहाड़ की तलहटी से दिशोम मांझीथान तक कच्ची सड़क को दुरुस्त करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार 20 फरवरी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन के भी मरांगबुरु पारसनाथ पहुंचने की संभावना है। हालांकि, अब तक किसी भी स्तर पर इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। प्रशासन ने कहा है कि जैसे ही आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा होगी, उसी के अनुसार सुरक्षा व यातायात व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा।


