बगोदर | बगोदर प्रखंड के जमुवारी निवासी वकील सिंह का 12 फरवरी को मलेशिया में निधन हो गया था। उनके पार्थिव शरीर को भारत लाने और परिजनों को मुआवजा दिलाने के लिए जेएलकेएम के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो तथा बगोदर प्रखंड कमेटी लगातार प्रयासरत थे। लगातार प्रयासों के बाद संबंधित कंपनी ने मृतक के परिजनों को कुल 13 लाख रुपये की सहायता राशि देने का आश्वासन दिया है। कंपनी की ओर से फिलहाल 2 लाख रुपये परिजनों को दे दिए गए हैं, जबकि 1 लाख रुपये दो दिनों के भीतर देने की बात कही गई है। शेष 10 लाख रुपये एनओसी प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को भेजे जाएंगे। जेएलकेएम बगोदर प्रखंड अध्यक्ष उमेश कुमार महतो लगातार कंपनी से संपर्क में रहे। उनके प्रयासों के बाद कंपनी ने लिखित रूप से आश्वासन दिया है कि दो से चार दिनों के भीतर शेष राशि और पार्थिव शरीर भी परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस पहल के लिए मृतक के परिजनों ने संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो, प्रखंड अध्यक्ष उमेश कुमार महतो तथा संगठन के अन्य सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस दौरान मुमताज अंसारी, प्रभात कुमार, कुंजलाल साव, जुगल कोल्ह, दिनेश कुमार, दिनेश साहू, शहीद अंसारी, शेख शाहिद, ललिता कुमारी, लखींद्र सिंह, अशोक कुमार आदि थे।


