मल्लखंभ फेडरेशन: खेल मंत्रालय ने बनाई एडहॉक कमेटी, तीन माह में होंगे चुनाव

भरतपुर| मल्लखंभ फेडरेशन ऑफ इंडिया (MFI) से जुड़े विवाद और संगठन में दो गुटों के बीच चल रहे मतभेदों को समाप्त करने के लिए भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय ने एडहॉक कमेटी का गठन किया है। मंत्रालय के अनुसार, फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रमेश इन्दौलिया के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच के बाद उन्हें आरोपों से मुक्त मानते हुए पूर्व की तरह दायित्व निभाने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. रमेश इन्दौलिया ने हाल ही में MFI पदाधिकारियों के साथ दिल्ली में खेल मंत्री, खेल सचिव, खेल राज्य मंत्री, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के महानिदेशक तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मल्लखंभ खेल और खिलाड़ियों के हित में लिखित सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने फेडरेशन में आपसी गुटबाजी खत्म करने, नए स्पोर्ट्स कोड के अनुसार निष्पक्ष चुनाव कराने और नई कार्यकारिणी गठन के लिए सरकार की निगरानी में एडहॉक कमेटी बनाने का आग्रह किया था। मंत्रालय ने दो सदस्यीय एडहॉक कमेटी गठित की है, जिसमें द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित योगेश मालवीय तथा SAI के पूर्व उपनिदेशक सत्यजीत सनकृत को शामिल किया गया है। यह कमेटी तीन माह के भीतर निष्पक्ष चुनाव कराकर नई कार्यकारिणी गठित करेगी और अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *