झुंझुनूं जिले के चिड़ावा में मशहूर लालचंद पेड़ावाला की दुकान पर फायरिंग केस पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी फायरिंग और रंगदारी मांगने की साजिश में शामिल था। चिड़ावा पुलिस ने जिले के सूरजगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। चिड़ावा सीआई विनोद सामरिया ने बताया- इस मामले में पुलिस टीम ने गुरुवार रात करीब 8 बजे को फायरिंग की साजिश आरोप में शामिल आरोपी राहुल उर्फ शाका सूरजगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान फायरिंग की घटना और उसके अन्य साथियों के बारे मे जानकारी जुटा रही है। 9 टीमें कर रही हैं आरोपियों की तालाश सीआई विनोद सामरिया ने कहा- मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देशन में सोमवार को ही 52 पुलिसकर्मियों की 9 टीमों का गठन किया गया था। मुख्य आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। 1 करोड़ रुपए की मांगी थी रंगदारी
दरअसल, सोमवार (16 दिसंबर, 2024) की शाम करीब 6:15 बजे एक बाइक पर 2 युवक कबूतर खाना की ओर से लालचंद पेड़ेवाला की पुरानी दुकान के सामने पहुंचे थे। दुकानदार सुभाष राव उस समय दुकान के पीछे ही बने अपने घर पर थे। काउंटर पर सुभाष राव का भतीजा गगन बैठा हुआ था। बाइक से आए दोनों युवकों में से एक युवक ने काउंटर की तरफ एक पर्ची रखकर एक करोड़ की रंगदारी देने की मांग रखी। पर्ची में दीप चोरोड़ी, प्रदीप पहलवान, प्रिंस डिडवाना और क्षत्रिय गैंग का नाम लिखा हुआ था। पर्ची रखने के बाद लगातार 3 राउंड फायर दुकान की तरफ कर दिए। फायरिंग में 2 गोलियां काउंटर पर और 1 दुकान के अंदर जाकर लगी। अचानक हुई इस घटना से दुकान में मौजूद कर्मचारी घबरा गए और छुपकर अपनी जान बचाई। दुकान पर मौजूद किसी भी कर्मचारी को कोई चोट नहीं पहुंची है। देशभर में प्रसिद्ध हैं चिड़ावा के पेड़े चिड़ावा में बने पेड़े देशभर में प्रसिद्ध हैं। लालचंद पेड़ेवाला इसमें खास पहचान रखते हैं। अंगूठे के दो निशान वाला पेड़ा यहां पिछले 90 साल से बनाया जा रहा है। इसके खास स्वाद के कारण इसकी विशेष पहचान है।


