मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा बजट सत्र से पहले विधायकों के साथ संवाद किया जा रहा है। जिसमें शामिल होने पहुंचे महवा विधायक राजेंद्र मीणा ने महवा को जिला बनाने की मांग रखी। साथ ही क्षेत्र के विकास कार्यों, जन-कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं आगामी परियोजनाओं पर चर्चा की। विधायक ने बताया कि महवा जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 पर स्थित दौसा जिले का प्रमुख शहर है। यह पूर्वी राजस्थान का सड़क यातायात का प्रमुख जंक्शन है। व्यापार के दृष्टिकोण से यह शहर आसपास के लगभग 70- 80 किलोमीटर तक के क्षेत्र की जनसंख्या एवं लोगों के आवागमन का प्रमुख केंद्र है, पास ही बालाहेड़ी कस्बा तांबे के बर्तन बनाने में पूरे प्रदेश में प्रसिद्ध है। महवा शहर जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर है, इस तहसील के दूर दराज के गांव के लोगों के लिए जिला मुख्यालय की दूरी 100- 120 किलोमीटर तक है। शहर से आसपास वाले तहसील क्षेत्र वैर, भुसावर, नदबई, हलैना, लक्ष्मणगढ़, खेड़ली, कठूमर, रैणी, गढ़ीसवाईराम, टोडाभीम, बसवा, मानपुर, सिकराय एवं मेहंदीपुर बालाजी धाम के क्षेत्र एवं गांव की दूरी भी उनके जिला मुख्यालय से लगभग 100-120 किलोमीटर तक है। इस क्षेत्र में मंडावर में रेलवे स्टेशन में भी स्थापित है, साथ ही दो कृषि उपज मंडी महवा-मंडावर, साथ ही 3 पंचायत समिति महवा, मंडावर व बैजूपाड़ा और दो उपखंड कार्यालय स्थापित है। पुलिस सीईओ सर्किल, पांच पुलिस थाने, आधा दर्जन पुलिस चौकी के साथ ही चिकित्सा की दृष्टि से जिला अस्पताल और मंडावर, बड़ागांव, बालाहेड़ी, हुडला, सांथा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित है। साथ ही आधा दर्जन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित है। क्षेत्र में करीब दो दर्जन 33/11 केवी जीएसएस एवं 220 केवी जीएसएस मंडावर में,120 केवी जीएसएस संचालित हैं। ऐसे में महवा को जिला मुख्यालय के रूप में क्रमोन्नत कर दिया जाए तो आसपास के लगभग 10 लाख की आबादी को अपने जिला मुख्यालय की दूरी 120 किलोमीटर से घटकर 40-50 किलोमीटर रह जाएगी। महवा मुख्यालय को जिले में क्रमोन्नत करने से आसपास के जिले की एक दर्जन से अधिक तहसील और उपखंड मुख्यालयों के लोगों को राहत मिलेगी।


