महाकाल दर्शन को आए पुणे के परिवार का बच्चा गुम:चौकी पर देख बिलखा परिवार, पुलिस ने ढाई घंटे में मिलाया माता-पिता से

उज्जैन में महाकाल दर्शन के लिए आए पुणे के परिवार का चार वर्षीय बच्चा गुम हो गया, जिसे पुलिस ने ढाई घंटे की मेहनत के बाद सुरक्षित उनके माता-पिता से मिलाया। सीएसपी ओमप्रकाश मिश्रा ने बताया कि पुणे से मुकेश कुमार कसौधन अपने परिवार के साथ महाकाल दर्शन करने आए थे। वे महाकाल क्षेत्र के एक गेस्ट हाउस में रुके थे। शुक्रवार दोपहर उनका बेटा रौनक खेलते-खेलते गुम हो गया। रौनक को सड़क पर रोते हुए देखकर एक ऑटो चालक ने यातायात पुलिस को सूचना दी। वहां से पुलिस ने रौनक को महाकाल थाने पहुंचाया। बच्चा छोटा होने की वजह से वह अपने माता-पिता का नाम या फोन नंबर नहीं बता पा रहा था। परिवार से मिलाने मशक्कत की महाकाल थाने के एएसआई चंद्रभान सिंह ने बच्चे को पहले टॉफी देकर शांत कराया। फिर रौनक को लेकर रामघाट, महाकाल मंदिर और आसपास की होटलों और धर्मशालाओं में पूछताछ की। साथ ही मंदिर और घाट पर एनाउंसमेंट भी कराया गया। करीब ढाई घंटे बाद परिवार को किसी के माध्यम से पता चला कि रौनक पुलिस के पास है। जैसे ही वे महाकाल थाने पहुंचे, माँ और बेटे ने गले लगकर रोते हुए एक-दूसरे को देखा। बच्चे की पहचान के बाद उसे सुरक्षित उनके माता-पिता को सौंप दिया गया। भावुक परिवार ने पुलिस को धन्यवाद दिया। एएसआई चंद्रभान सिंह ने कहा, “हमारा प्रयास था कि बच्चा सुरक्षित परिवार तक पहुंचे।और यही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।” रौनक की बुआ प्रीतिमा कसौधन ने बताया कि परिवार के कुछ लोग बाजार गए थे, जबकि बाकी गेस्ट हाउस में थे। सभी ने समझा कि रौनक बुआ के साथ बाजार गया है, लेकिन वह गेस्ट हाउस के बाहर खेलते-खेलते गुम हो गया। घबराए परिजन गेस्ट हाउस के आसपास रौनक को ढूंढने लगे। तभी उन्हें पता चला कि एक बच्चा पुलिस के पास है। यातायात पुलिस चौकी में रौनक को देखकर सभी ने राहत की सांस ली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *