महाकुंभ मेले में मुफ्त यात्रा का दावा झूठा:रेलवे ने जारी किया स्पष्टीकरण, सोशल मीडिया पर प्रसारित खबरों को बताया भ्रामक

धौलपुर जिले में सोशल मीडिया पर महाकुंभ मेले में रेलवे द्वारा मुफ्त यात्रा दिए जाने को लेकर भ्रामक खबरें प्रसारित हो रही हैं। जिन खबरों को लेकर रेलवे ने अपना स्पष्टीकरण दिया है। रेलवे ने सोशल मीडिया पर प्रसारित मुफ्त यात्रा की खबरों को भ्रामक बताया है। रेलवे मंडल आगरा की ओर से मिली जानकारी के अनुसार भारतीय रेल को ऐसी खबरें मिली हैं कि कुछ मीडिया प्लेटफार्म ऐसी रिपोर्ट प्रसारित कर रहे है। जिनमें दावा किया जा रहा है कि महाकुंभ मेले के दौरान यात्रियों को मुफ्त यात्रा की अनुमति दी जाएगी। भारतीय रेलवे ने इसका स्पष्ट रूप से खंडन किया है। ये रिपोर्ट पूरी तरह से निराधार और भ्रामक हैं। भारतीय रेल के नियमों और विनियमों के तहत वैध टिकट के बिना यात्रा करना सख्त मना है। बिना वैध टिकट यात्रा करना दंडनीय अपराध है। महाकुंभ मेले या किसी अन्य अवसर के दौरान मुफ्त यात्रा का कोई प्रावधान रेलवे ने नहीं किया है। रेलवे के मुताबिक भारतीय रेल महाकुंभ मेले के दौरान यात्रियों के लिए निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए विशेष होल्डिंग क्षेत्रों, अतिरिक्त टिकट काउंटरों और अन्य आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने सहित सभी पर्याप्त व्यवस्था की जा रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *