महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर गूंजा ईश्वर अल्लाह तेरो नाम:सर्वधर्म सभा में कलेक्टर बोले, गांधी दर्शन को जीवन में उतारे

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि को सवाई माधोपुर में शहीद दिवस के रूप में मनाया गया‌। इस अवसर पर सवाई माधोपुर के गुलाब बाग स्थित गांधी उद्यान पर सर्वधर्म सभा का आयोजन किया गया। शहीद दिवस के कार्यक्रम में कलेक्टर कानाराम सहित बड़ी संख्या में जिला स्तरीय और स्कूली बच्चों ने शिरकत की। दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि शहीद दिवस के अवसर पर गृह मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार शुक्रवार को गुलाब बाग स्थित गांधी पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला कलेक्टर काना राम और जिला परिषद CEO गौरव बुडानिया ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर महात्मा गांधी सहित देश के अमर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। कलेक्टर बोले, जीवन में उतारे गांधी दर्शन कलेक्टर काना राम ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को गांधी दर्शन को समझकर जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा का मार्ग केवल इतिहास नहीं, बल्कि आज भी जीवन और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जीवन में लक्ष्य प्राप्त करते समय साध्य के साथ-साथ साधनों की पवित्रता भी उतनी ही आवश्यक है।
गुलाब बाग में आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में सरस्वती वंदना, गुरु वंदना, रामधुन, गायत्री मंत्र, बौद्ध, इस्लाम एवं जैन धर्म की प्रार्थनाएं तथा बापू के प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम”, “वैष्णव जन तो तेने कहिए”, “दे दी हमें आज़ादी बिना खड्ग बिना ढाल” सहित अन्य राष्ट्रभक्ति एवं शांति संदेश देने वाले भजनों का सामूहिक गायन किया गया। सभा में शांति, सद्भाव और मानवता के मूल्यों को अपनाने का संकल्प भी लिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *