महादेव की बारात निकाली, शिव तांडव देखने उमड़े श्रद्धालु

रामानुजगंज | महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर में आस्था, उत्साह और भक्ति के संगम के साथ महाशिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति द्वारा भव्य शिव बारात निकाली गई। कनहर नदी तट स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद जैसे ही भगवान भोलेनाथ की बारात नगर भ्रमण पर निकली, हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। नगर के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। जगह-जगह शीतल जल व प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। बारात का मुख्य आकर्षण बनारस से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सजीव शिव तांडव रहा, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच आगे बढ़ती बारात ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया। नगर भ्रमण के बाद मां महामाया मंदिर परिसर में भगवान शिव-पार्वती के पाणिग्रहण संस्कार व वरमाला कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। इसके बाद विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भजन संध्या में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने समां बांधा। समिति प्रमुख रमन अग्रवाल ने आयोजन की सफलता पर नगरवासियों का आभार जताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *