नगर निगम अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत ने नवागढ़ इलाके में पीलिया की बीमारी से लोगों के पीड़ित होने के मामले में बेतूका बयान दिया है। महापौर ने कहा कि पीलिया फैलने में साजिश की एक बू है। उन्होंने कहा कि एक इलाके में ही पीलिया क्यों फैला। हमें 10 दिनों पहले ही इसका पता चला। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने बताया है कि इलाके में नगर निगम द्वारा सप्लाई किए जा रहे पेयजल में खतरनाक बैक्टीरिया पाया गया है। अंबिकापुर के नवागढ़ जोन में पिछले कई दिनों से पीलिया फैल रहा है। इलाके में बड़ी संख्या में लोगों के पीलिया से पीड़ित होने पर स्वास्थ्य विभाग ने पानी की सैंपलिंग कराई। जांच में कई घरों में पेयजल पीने लायक नहीं मिला है। पानी में खतरनाक स्तर पर ई कोलाइटिस बैक्टीरिया मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने पीएचई एवं प्रशासन को पत्र लिखा है। इलाके में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कैंप लगाकर संदिग्ध लोगों के ब्लड सैंपल लिए जा रहे हैं। पीलिया फैलने में साजिश की बू-महापौर
मंगलवार को अंबिकापुर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत अमले के साथ प्रभावित इलाके में पहुंची और निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पीलिया की बीमारी नवागढ़ इलाके में फैलने पर कहा है कि यह साजिश का हिस्सा हो सकता है। इसमें साजिश की बू आ रही है। उन्होंने इस दौरान कहा कि आखिर सिर्फ इसी इलाके में पीलिया के मरीज क्यों मिल रहे हैं।
महापौर ने कहा कि नगर निगम के द्वारा सप्लाई किए जाने वाले पानी को पूरा शहर पी रहा है। एक दिन पूर्व ही नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया था कि नवागढ़ इलाके में 42 मरीज मिलने के बाद रविवार को 8 मरीज एवं महामाया पारा में 6 मरीज मिले हैं, जिससे पूरे नगर निगम क्षेत्र में सप्लाई किए जा रहे पानी की जांच की जरूरत है। 10 दिन पहले मिली जानकारी,पार्षद की भी लापरवाही
महापौर ने कहा कि पीलिया फैलने की जानकारी हमें 10 दिन पहले ही मिली। आखिर हमें समय पर इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई? उन्होंने यह भी कहा कि इस इलाके में गंदगी का ढेर पड़ा हुआ है और अब तक इसकी सफाई नहीं हुई है। हालात देखकर लग रहा है कि 2 साल से यहां सफाई ही नहीं हुई है। पूरे मामले की नगर निगम के कमिश्नर तक को जानकारी नहीं है, जबकि पिछले तीन माह से पीलिया के मरीज यहां मिल रहे हैं। पेयजल सप्लाई लाइन की करा रहे मरम्मत
नगर निगम के जल प्रभारी जितेंद्र सोनी ने कहा कि इस इलाके में लोग दूषित पानी पीने की वजह से पीलिया जैसे बीमारी से पीड़ित होने की जानकारी मिलने के बाद पाइपलाइन में सुधार करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दूषित पानी पीने के अलावा दूषित भोजन की वजह से भी लोग पीलिया से पीड़ित हो सकते हैं यह जांच का विषय है। फिलहाल क्षेत्र में एक्टिव मरीज कम हैं, ज्यादातर लोग ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग कर रहा घर-घर सर्वे
नवागढ़, मोमिनपुर एवं महामाया वार्ड में पीलिया के संदिग्ध मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य अमले द्वारा घर-घर सर्वे कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सोमवार को कैंप लगाकर 100 से अधिक लोगों का ब्लड सैंपल लिया गया है एवं जांच के लिए भेजा गया है। क्षेत्र में पेयजल की भी जांच कराई जा रही है।


