महाराष्ट्र में जिला परिषद, पंचायत समिति चुनाव का रिजल्ट आज:7438 उम्मीदवारों ने इलेक्शन लड़ा, अजित पवार के निधन के बाद शेड्यूल आगे बढ़ा था

महाराष्ट्र की 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनावों का रिजल्ट आज घोषित होगा जिसकी गिनती सुबह 10 बजे से जारी है। 2.08 करोड़ मतदाताओं ने इनमें वोटिंग की थी। इन चुनावों में 12 जिला परिषद शामिल थीं, जिनमें रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सतारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव और लातूर हैं। वहीं, 125 पंचायत समितियों में 1,462 सीटों पर भी चुनाव हुए। जिला परिषद चुनावों में कुल 2,624 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा, और पंचायत समिति चुनावों में 4,814 उम्मीदवार मैदान में थे। ये चुनाव 5 फरवरी को होने थे लेकिन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके चलते राज्य में तीन दिनों के राजकीय शोक के कारण चुनाव पोस्टपोन हो गए थे। नए शेड्यूल के मुताबिक 7 फरवरी को इसको लेकर वोटिंग हुई थी। NCP का भविष्य तय करेंगे नतीजे अजित पवार की आकस्मिक मौत के बाद NCP के लिए ये पहला बड़ा चुनावी इम्तिहान है। परिणामों से दिवंगत अजीत पवार और पार्टी संस्थापक शरद पवार के NCP गुटों के भविष्य की दिशा तय होने की उम्मीद है। दोनों गुटों ने अपनी दो साल पुरानी प्रतिद्वंद्विता को भुलाकर पुणे, सतारा, सोलापुर और सांगली में इन स्थानीय निकाय चुनावों में एक अनौपचारिक गठबंधन में चुनाव लड़ा। यहां दोनों पक्षों के उम्मीदवारों ने मूल घड़ी के चुनाव चिन्ह के तहत चुनाव लड़ा। पिछले महीने अजित पवार की प्लेन क्रैश में मौत हुई थी महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का 28 जनवरी को प्लेन क्रैश में निधन हो गया था। सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया था। वे 66 साल के थे। हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर समेत 5 लोगों की जान चली गई। पवार 5 फरवरी को पुणे में होने वाले जिला परिषद चुनावों के लिए चार रैलियों को संबोधित करने वाले थे। वे मुंबई से सुबह 8.10 बजे रवाना हुए थे। केंद्रीय एविएशन मिनिस्टर राम मोहन नायडू ने बताया कि पायलट ने बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश की थी, लेकिन रनवे साफ दिखाई नहीं दिया तो वह प्लेन को दोबारा ऊंचाई पर ले गया। पहली कोशिश नाकाम रहने के बाद बारामती के रनवे-11 पर दोबारा लैंडिंग की कोशिश की गई। इस दौरान विमान रनवे से पहले ही गिर गया और उसमें आग लग गई। इस दौरान पायलट ने कोई इमरजेंसी सिग्नल नहीं दिया था। उसने ‘मेडे’ कॉल भी नहीं किया था। पूरी खबर पढ़ें… ———— ये खबर भी पढ़ें… महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव- 29 निगमों, 2869 सीटों का रिजल्ट: 25 निगमों पर महायुति का कब्जा महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में भाजपा और उसके गठबंधन वाली पार्टियों यानी महायुति ने एकतरफा जीत हासिल की है। राज्य चुनाव आयुक्त के मुताबिक 29 नगर निगमों की सभी 2,869 सीटों का रिजल्ट आ गया है। इस चुनाव में BJP ने 1425 सीटें जीतीं हैं। एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 399 और अजित पवार की नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) को 167 सीटों पर जीत मिली। पूरी खबर पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *