श्री महाकालेश्वर मंदिर में शिव नवरात्रि पर्व के षष्ठम दिवस पर भगवान महाकाल का होलकर स्वरूप में श्रृंगार किया गया। मंदिर प्रांगण स्थित कोटितीर्थ के तट पर सुबह श्री कोटेश्वर महादेव भगवान का पूजन-अभिषेक और आरती हुई। मुख्य पुजारी घनश्याम शर्मा के आचार्यत्व में 11 ब्राह्मणों ने रुद्रपाठ के साथ अभिषेक किया। दोपहर 3 बजे के बाद संध्या पूजन किया गया। इसके पश्चात महाकालेश्वर को रजत मुकुट चंद्र और नवीन वस्त्रके साथ मुण्डमाल अर्पित कर श्रृंगारित किया। 15 फरवरी तक प्रतिदिन संध्या समय अलग-अलग स्वरूपों में भगवान के दर्शन होंगे। ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर जी का शिवनवरात्रि सातवें दिन 12 फरवरी मनमहेश स्वरूप में दर्शन देंगे। इसके बाद 13 फरवरी को उमा महेश, 14 फरवरी शिव तांडव शृंगार और 15 फरवरी को सप्तधान का मुखौटा अर्पित कर दर्शन देंगे।


