भास्कर न्यूज | प्रतापगढ़ महाशिवरात्रि के पर्व के उपलक्ष्य में शहर में चार दिवसीय प्रभात फेरी का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है। कृषि मंडी रोड स्थित अंबिका राजराजेश्वरी मंदिर से प्रतिदिन सुबह प्रभात फेरी निकाली। आयोजन मंदिर मंडल समिति के तत्वावधान में संपन्न हो रहा है। प्रभात फेरी के दूसरे दिन शुक्रवार को सुबह 6 बजे से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का जुटना शुरू हो गया। समिति के सदस्य विजय माहेश्वरी ने बताया कि दूसरे दिन भगवान शिव और माता पार्वती की आकर्षक पालकी सजाई गई। सुंदर फूलों और धार्मिक प्रतीकों से सुसज्जित पालकी को श्रद्धालुओं ने कंधों पर उठाया, रामधुन तथा भजन-कीर्तन के साथ शहर के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण कराया। पुष्पवर्षा से फेरी का हुआ स्वागत : प्रभात फेरी कृषि मंडी रोड से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य बाजार, कॉलोनियों और विभिन्न मोहल्लों से होकर गुजरी। रास्ते भर श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। शहरवासियों ने प्रभात फेरी का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। कॉलोनियों से सैकड़ों की संख्या में लोग फेरी में शामिल हुए, इससे आयोजन का स्वरूप और भी भव्य हो गया। चार दिवसीय इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य महाशिवरात्रि के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करना है। समिति द्वारा आगामी दिनों में भी इसी प्रकार प्रभात फेरियों का आयोजन किया जाएगा।


