बाड़मेर | आज महाशिवरात्रि को लेकर जिलेभर के शिवालयों में धार्मिक अनुष्ठान होंगे। इसको लेकर शिव मंदिरों को सजाया गया है और आज दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रहेगी। महाशिवरात्रि पर बाड़मेर की पुरानी सब्जी मंडी स्थित प्राचीन शिव मंदिर में 22 अप्रैल 1946 में बनी पेंटिंग में शिव विवाह का मनोहारी दृश्य दिखाया गया है। इसमें भगवान शिव की बारात, देवी पार्वती को चित्रित किया गया है। चित्र के नीचे अंकित तिथि 22 अप्रैल 1946 है। इस पेंटिंग को जोधपुर के द्वारका प्रसाद शर्मा ने बनाया था। यह 80 साल पुरानी है। मंदिर के पुजारी सचिन जोशी के अनुसार महाशिवरात्रि पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे तथा ऐतिहासिक पेंटिंग के दर्शन करेंगे। श्रद्धालुओं का कहना है कि यह पेंटिंग बाड़मेर की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे संरक्षित रखने के प्रयास किए जाने चाहिए।


