बलौदाबाजार जिले में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पलारी, जारा, सोमनाथ सहित पूरे अंचल के शिव मंदिरों में ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था। भक्तों ने जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की, जिससे मंदिर परिसर ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठे। अंचल के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक पलारी का ऐतिहासिक सिद्धेश्वर महादेव मंदिर आकर्षण का केंद्र रहा। सुबह से ही यहां दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रही। मंदिर समिति द्वारा विशेष पूजा का आयोजन किया गया और विशाल महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम जारी रहा। मान्यता है कि यहां भगवान शिव का जलाभिषेक करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। पहले देखिए तस्वीरें भारी भीड़ के बीच नगर पंचायत और पुलिस ने संभाली व्यवस्था श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से व्यवस्थाएं संभालीं। पार्किंग, पेयजल और बिजली की व्यवस्था चाक-चौबंद की गई थी। नगर पंचायत अध्यक्ष गोपी साहू ने बताया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए थे। महाशिवरात्रि को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम महाशिवरात्रि मेले के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। एसडीएम दीपक निकुंज और थाना प्रभारी परिवेश तिवारी के मार्गदर्शन में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस के जवान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे थे और यातायात को सुचारू बनाए रखने में जुटे थे। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करना उनकी प्राथमिकता थी और इसके लिए पर्याप्त बल मौजूद था। जारा सिद्धेश्वर मंदिर सहित पूरे अंचल में उल्लास का माहौल पलारी के अलावा जारा क्षेत्र में स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में भी महाशिवरात्रि की धूम देखी गई। यहां भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और विशेष रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इसके अलावा अमेठी, वटगन, देवसुंद्रा, भालुकोना, कोनारी, बांसबिनौरी और जर्वे सहित आसपास के दर्जनों गांवों के शिव मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ उमड़ी। सभी जगहों पर स्थानीय समितियों द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। जिले भर के शिव मंदिर आज भक्तिमय माहौल में डूबे हुए हैं। ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया है और शिव भक्त देर रात तक जागरण और कीर्तन का आनंद लेंगे। प्रशासन की ओर से सभी मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


