इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में इस वर्ष महाशिवरात्रि पर बड़ा आयोजन होने जा रहा है। संस्था नमो नवग्रह शनि एवं सत्यमेव जयते की मेजबानी में होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव की शुरुआत बाणेश्वर महादेव के अभिषेक-पूजन से होगी। कार्यक्रम के संरक्षक केके यादव ने बताया कि पिछले 19 वर्षों से बाणगंगा क्षेत्र में महाशिवरात्रि को उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इस परंपरा की शुरुआत क्षेत्र की जनता को सनातन संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से की गई थी। इस वर्ष यह 20वां आयोजन है, जो पार्षद शिवम यादव के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में 100 से अधिक बस्तियों की महिलाएं और युवा भाग लेंगे। कार्यक्रम में हल्दी, मेहंदी, भजन संध्या का आयोजन होगा और अभिमंत्रित रुद्राक्ष का वितरण किया जाएगा। विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए उन्हें सुहाग और परिवार की रक्षा के लिए संकल्प पत्र भरवाए जा रहे हैं। आयोजन की तैयारियां 15 दिन पहले से ही शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए युवाओं और महिलाओं की विशेष टीमें गठित की गई हैं। बाणेश्वरी कुंड से निकलने वाली भव्य बारात इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। महाशिवरात्रि पर बाणगंगा क्षेत्र में लगेगा महाकुंभ आयोजक शिवम यादव ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व पर बाणगंगा क्षेत्र में महाकुंभ जैसा नजारा भक्तों देखने को मिलेगा। तीन दिवसीय उत्सव की शुरुआत 24 फरवरी को बाणेश्वर महादेव के अभिषेक-पूजन से होगी। सुबह 8 बजे विद्वान पंडि़तों के सान्निध्य में अभिषेक, पूजन व दर्शन का दौर चलेगा तो वहीं दोपहर 1 बजे मातृशक्तियों द्वारा बाणेश्वर महादेव को हल्दी, मेहंदी लगाई जाएगी। इसके पश्चात महिला भजन मंडलियों द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। आयोजन को भव्य बनाने के लिए मंजू यादव, तारा यादव, अर्चना गायकवाड़, रानी वर्मा, मधु शर्मा, सुशीला तिवारी, सपना इटोलिया, पूजा यादव, दिव्य खरे बाणगंगा क्षेत्र की 100 बस्तियों में पहुंचकर महिलाओं को हल्दी व मेंहदी उत्सव में शामिल होने का आमंत्रण भी दे रही हैं। रुद्राक्ष वितरित किए जाएंगे 25 फरवरी को सुबह 11 बजे से बाणेश्वरी कुंड पर पांच हजार अभिमंत्रित रुद्राक्ष का वितरण किया जाएगा। तीन दिवसीय महाशिवरात्रि पर्व का मुख्य महोत्सव बुधवार 26 फरवरी को मनाया जाएगा। जिसमें भगवान बाणेश्वर महादेव का भव्य श्रृंगार कर महादेव की भव्य बारात निकाली जाएगी। महादेव की इस बारात में भूत, प्रेत, पिशाच यात्रा के अग्र भाग में चलेंगे। यात्रा में 5 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे एवं 200 से अधिक विभिन्न सामाजिक संगठनों के मंच लगाए जाएंगे। बाणेश्वरी महाकुंड से प्रारंभ भगवान बाणेश्वर महादेव की बारात विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री सिद्ध विजय गणेश मंदिर होते हुए पुन: बाणेश्वरी कुंड पहुंचेगी जहां इस यात्रा का समापन होगा। समापन के पश्चात महाआरती होगी एवं प्रसादी का वितरण किया जाएगा। महिलाओं से भरवाए संकल्प पत्र मंजू यादव ने बताया कि सनातन संस्कृति से लोगों को जोडऩे के उद्देश्य निकाली जा रही बाणेश्वरी महादेव की बारात में शामिल होने के लिए महिलाओं से सुहाग एवं परिवार की रक्षा के लिए संकल्प पत्र भी भरवाए जा रहे हैं। इसके लिए 50 से अधिक महिलाओं व युवतियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। महादेव की इस बारात में साधु-संतों का सान्निध्य भी प्राप्त होगा। साधु-संत बग्घियों में विराजमान होकर सभी को अपना आशीष प्रदान करेंगे।


