भास्कर न्यूज | पोलमी इस वर्ष महाशिवरात्रि पर ग्राम कामठी के स्कूल मैदान में 151 पार्थिव शिवलिंगों के निर्माण और सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन होने जा रहा है। इसे लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह सनातन परंपरा, सामूहिक श्रद्धा दिखेगी। महाशिवरात्रि पर होने वाले इस आयोजन की तैयारी अंतिम चरण में है। ग्राम कामठी का स्कूल मैदान इन दिनों एक पवित्र तीर्थ स्थल का रूप ले चुका है। आयोजन समिति और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से 151 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया जा रहा है। शास्त्रों में पार्थिव शिवलिंग पूजन को विशेष फलदायी बताया गया है। एक साथ 151 शिवलिंगों का रुद्राभिषेक होना। इसे अत्यंत दुर्लभ और दिव्य बना देता है। वैदिक विद्वानों के सान्निध्य में सामूहिक रुद्राभिषेक कराया जाएगा। रुद्राष्टाध्यायी के मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का आह्वान किया जाएगा। अभिषेक में दूध, दही, घी, शहद, शक्कर, गंगाजल और गन्ने के रस जैसे पवित्र द्रव्यों का प्रयोग किया जाएगा। इस अनुष्ठान के माध्यम से जनकल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की जाएगी। इस आयोजन को लेकर पंडरिया विधानसभा के गांव-गांव में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। विशेष रूप से युवा और महिला समूह आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम कामठी में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर पार्थिव शिवलिंग पूजन हो रहा है।


