बैतूल पुलिस ने महाशिवरात्रि पर्व से पहले बड़ी कार्रवाई करते हुए 141 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की है। इसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 21 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि सोना घाटी क्षेत्र के एक मकान में भारी मात्रा में अवैध शराब जमा की गई है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। आरोपी के घर से 141.600 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह शराब महाशिवरात्रि के अवसर पर सोना घाटी मेले में बेचने के लिए लाया था। उसने यह शराब सुक्तवा क्षेत्र से एक कार के जरिए लाकर अपने घर में संग्रहित की थी। पुलिस ने अवैध शराब के साथ-साथ उसके परिवहन में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे महाशिवरात्रि पर्व पर शांति बनाए रखें और किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


