छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में जंगल में एक नाबालिग बॉयफ्रेंड का शव मिला है। उसकी पहचान बलौदाबाजार जिले के ग्राम सर्वा में रहने वाले उद्रेश वर्मा (17) के रूप में हुई है। वह 15 दिन पहले अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने जमनीडीह गांव आया था, तब वह लापता था। मामला भंवरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, उद्रेश वर्मा 29 जनवरी को अपने दोस्तों के साथ टूड्री गांव में मड़ाई मेला देखने गया था। लौटते समय उसने महासमुंद जिले के ग्राम पंचायत जमदरहा के आश्रित गांव जमनीडीह में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने की इच्छा जताई। दोस्तों के मना करने के बावजूद रात करीब 11 बजे जमनीडीह गांव पहुंचा। उद्रेश ने दोस्त के मोबाइल से गर्लफ्रेंड को कॉल किया और उससे मिला। इसके बाद से वह लापता हो गया और गुरुवार को उसकी लाश जंगल में मिली। फिलहाल, पुलिस ने हत्या सहित सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा गर्लफ्रेंड और उसके परिजनों से पूछताछ की जा रही है। दोस्त ने की थी उद्रेश के लापता होने की शिकायत 30 जनवरी को दोस्त धर्मेंद्र वर्मा ने भंवरपुर चौकी में उद्रेश के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। कुछ दिनों बाद उद्रेश का दोस्त से लिया गया मोबाइल गांव के पास पुलिस को मिला, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद ली, लेकिन डॉग लड़की के घर के आसपास जाकर भी कोई सुराग नहीं दे पाया। पुलिस तकनीकी सहायता और तलाशी अभियान में जुटी रही। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे तलाशी दल को युवती के गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में उद्रेश का शव मिला। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल कर सबूत इकट्ठा किए। शव के कुछ हिस्से जानवरों ने खा लिए थे। परिजनों ने शव की पहचान उद्रेश के रूप में की। शव डीकंपोज होने की वजह से पोस्टमार्टम के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा। गर्लफ्रेंड और उसके परिवार से पूछताछ कर रही पुलिस पुलिस उद्रेश की गर्लफ्रेंड और उसके परिवार से पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि उद्रेश और उसके गर्लफ्रेंड के बीच सोशल मीडिया के जरिए पहचान हुई थी। दोनों एक दूसरे से फोन पर भी बात किया करते थे।


