महासमुंद जिले में नेशनल हाईवे-53 पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। शहीद वीरनारायण सिंह बांध कोडार के पास एक ट्रेलर पुल के फेस वाल से टकरा गया। हादसे में ट्रेलर में आग लग गई, जिसमें ड्राइवर जिंदा जल गया। घटना मंगलवार शाम 5:30 बजे की है। ट्रेलर ओडिशा से रायपुर की ओर दो JCB मशीनें लेकर जा रहा था। टक्कर के बाद बैटरी टर्मिनल से निकली चिंगारी डीजल टैंक तक पहुंच गई। आग इतनी भीषण थी कि चालक केबिन से बाहर नहीं निकल पाया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां एक घंटे बाद मौके पर पहुंचीं। तब तक ट्रेलर पूरी तरह जल चुका था। ट्रेलर पर लदी दो JCB में से एक का टायर भी जल गया। आग पर आधे घंटे में काबू पाया गया। हादसे के कारण हाईवे पर एक तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय के अनुसार, ट्रेलर मालिक से संपर्क किया जा रहा है। मालिक से संपर्क होने के बाद ही मृतक चालक की पूरी जानकारी मिल पाएगी। घटना तुमगांव थाना क्षेत्र की है, जो महासमुंद जिला मुख्यालय से 16 किलोमीटर दूर है।


