महासमुंद सीमा पर 35 किलो गांजा जब्त:ओडिशा से मध्य प्रदेश ले जा रहे 17.50 लाख के गांजे के साथ दो गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की सीमा पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक कार से 17.50 लाख रुपये मूल्य का 35 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में दो तस्करों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, ये तस्कर गांजे को ओडिशा से मध्य प्रदेश ले जा रहे थे। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की कार में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर, टीम ने नेशनल हाईवे 353 पर रेहटीखोल में वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान, ओडिशा की ओर से आ रही सफेद रंग की वेरना एचएक्स कार (MP 07 ZZ 5221) को रोका गया। कार चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम पंकज राठौर (22), निवासी मुरैना, मध्य प्रदेश बताया। बगल की सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम हेमंत सिंह तोमर (22), निवासी मुरैना, मध्य प्रदेश बताया। टीम ने कार की तलाशी ली तो पिछली सीट में बने एक गुप्त चैंबर के अंदर से 35 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे यह गांजा ओडिशा के पदमपुर से मुरैना, मध्य प्रदेश ले जा रहे थे। पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं। पुलिस ने कार और गांजे को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *