गुमला|मरदा स्थित प्रसिद्ध महा सदाशिव मंदिर की 8वीं वर्षगांठ के अवसर पर होने वाले भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को मंदिर परिसर में पहली तैयारी बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता मंदिर समिति के अध्यक्ष विज्ञान कुमार ने की। बैठक में मुख्य संयोजक अनिरुद्ध सिंह, सचिव जगदीश सिंह, जगनारायण सिंह, सच्चिदानंद पांडा सहित समिति के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। बताया गया कि महा सदाशिव मंदिर की 8वीं वर्षगांठ का आयोजन आगामी 19 व 20 फरवरी 2026 को दो दिवसीय कार्यक्रम के रूप में किया जाएगा। बैठक में आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम की जानकारी प्रत्येक पंचायत तक पहुंचाने के लिए पर्चे, बैनर और स्टिकर वितरित किए जाएंगे। प्रचार सामग्री समिति सदस्यों को सौंप दी गई है ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार सुनिश्चित कर सकें। इसके साथ ही ग्रामीणों को आमंत्रण स्वरूप अक्षत भी वितरित किए गए। आयोजन के लिए प्राप्त होने वाली दान सामग्री जैसे पत्तल, चावल व अन्य आवश्यक वस्तुओं के सुव्यवस्थित संग्रहण के लिए प्रत्येक पंचायत में अलग-अलग कलेक्शन प्वाइंट बनाए जाने का निर्णय लिया गया है। इन कलेक्शन प्वाइंट्स की जिम्मेदारी मंदिर समिति के नामित सदस्यों को सौंपी गई है। कार्यक्रम के तहत भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें लगभग 5000 महिलाओं की सहभागिता की संभावना जताई जा रही है।


