महिलाएं हर क्षेत्र में बढ़ रही हैं आगे: डॉ. एकता

भास्कर न्यूज| महासमुंद अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महासमुंद जिले के गायत्री मंदिर में बिहान स्व-सहायता समूह द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाली डॉ. एकता लंगेह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उन्नति को बढ़ावा देना था। डॉ. एकता लंगेह ने अपने उद्बोधन में महिलाओं की शक्ति और समाज में उनकी बराबरी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिला और पुरुष एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। आज महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर रही हैं। वे ऑटो-रिक्शा से लेकर ट्रेन, ड्रोन और हवाई जहाज तक चला रही हैं। घरेलू जिम्मेदारियों को निभाने के साथ-साथ वे शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज सेवा, परिवार, राजनीति और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रही हैं। उन्होंने समाज में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए पुरुषों की भागीदारी को भी आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि हर पुरुष को अपनी पत्नी, बेटी, माँ और अन्य सभी महिलाओं का सम्मान करना चाहिए और उनके कार्यों में सहयोग करना चाहिए। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का यह आयोजन समाज में महिलाओं की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने तथा उनके योगदान को मान्यता देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। इस कार्यक्रम में वेदिता वर्मा, तारिणी चंद्राकार समेत कई महिलाएं व स्वसहायता समूह की महिलाएं भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। महिलाओं ने समूह नृत्य, गीत और प्रेरणादायक नाटकों के माध्यम से समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया और महिला शक्ति की महत्ता को उजागर किया। समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *