पाली| जिले में बसों में यात्रियों के बैग से जेवर चुराने वाली गैंग सक्रिय है। चार माह में ऐसा यह चौथा मामला मामले आया है। इस बार वारदात मारवाड़ जंक्शन से सोजत जा रही महिला के साथ हुई है। पुलिस के अनुसार सोजत सिटी निवासी मोनिका पत्नी लक्ष्मीनारायण शादी समारोह में शामिल होने मारवाड़ जंक्शन आई हुई थीं। 6 फरवरी देर रात सोजत लौटी। बैग चेक किया तो उसमें रखे 8 तोला सोने के आभूषण और 100 ग्राम चांदी के गहने गायब थे। बैग की चेन खुली थी। उन्होंने मारवाड़ जंक्शन पुलिस को दी रिपोर्ट में आशंका जताई है कि बस में चढ़ते समय भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर किसी ने बैग खोल कर गहने चुरा लिए। पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी है। 16 दिसंबर को जोधपुर से पाली आ रही निजी बस (RJ 22 PB 7415) की डिग्गी से एक ट्रॉली बैग चोरी होने का मामला सामने आया था। पीड़ित बापू नगर पाली निवासी इंद्र सिंह सोलंकी शाम परिवार के साथ बस में सवार हुआ था। डिग्गी में रखे 6 बैग में से एक बैग पाली पहुंचने पर गायब मिला। बैग में कपड़ों के साथ करीब 400 ग्राम चांदी की पायजेब और एक सोने की चैन थी। पीड़ित ने कंडक्टर और खलासी पर संदेह जताते हुए पाली कोतवाली में शिकायत दे रही है। दो महीने बाद भी मामले में पुलिस कार्रवाई आगे नहीं बढ़ा पाई है। अक्टूबर 2025 में निजी बस में अहमदाबाद से सोजत आ रही ममता देवी पत्नी दिनेश कुमार मेघवाल निवासी छापुली (पाली) का बैग बीच रास्ते में चोरी हो गया था। उसमें करीब 13 लाख रुपए के सोने के गहने, 40 हजार नकद थे।


