आठ मार्च को महिला दिवस है। इस अवसर को खास बनाने के लिए रांची स्टेशन से स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। रांची-टोरी-रांची मेमू ट्रेन को रांची रेल मंडल की पहली लोको पायलट दीपाली अमृत ही चलाएगी। ट्रेन में टीटी से लेकर गार्ड तक सभी महिलाएं ही होंगी। रांची रेल मंडल द्वारा महिलाओं के हौसले और जज्बे को सम्मानित करने के लिए यह ट्रेन चलाई जाएगी। रेलवे के अनुसार, इस ट्रेन के महिला लोको पायलेट, महिला पुलिस, महिला गार्ड समेत सभी महिलाकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। लोको पायलट दीपाली ने कहा कि 8 मार्च बेहद खास अवसर है, इस दिन हमें काफी अच्छा लगता है। ट्रेन का संचालन महिलाओं द्वारा किया जाता है। हमें गर्व महसूस होता है कि रेलवे में महिलाएं काफी आगे हैं। सभी विभाग में कार्यों को करने में सक्षम है। 2018 में पहली बार महिला दिवस पर स्पेशल ट्रेन चलाई गई थी। रांची रेल मंडल के डीआरएम जसमीत सिंह बिंद्रा ने कहा कि रांची रेल मंडल महिलाओं की सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। मुझे इस बात का गर्व और खुशी है कि मंडल में कार्यरत सभी महिला रेलकर्मी स्वतंत्र रूप से कार्य करते हुए मंडल के विकास में अपना योगदान दे रही हैं। भीड़ को नियंत्रित करने में आगे रहीं महिलाएं
पिछले माह महाकुम्भ स्नान में जानेवाले यात्रियों की भीड़ अभूतपूर्व थी। ऐसी स्थिति में आरपीएफ की महिलाओं के योगदान को भूला नहीं जा सकता है। दिन-रात ड्यूटी पर तैनात महिलाओं ने भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यात्रियों को कोई असुविधा नहीं होने दी। रेलवे अधिकारियों से मिले आदेश का पालन करते हुए रांची में यात्रियों की सुविधा में तैनात रहीं। इस दिन हमें फख्र होता है : एसआई प्रियंका
आरपीएफ की एसआई प्रियंका कुमारी ने कहा कि हर साल महिला दिवस पर यह खास ट्रेन चलाई जाती है। इस दिन हमें फख्र महसूस होता है कि आज महिलाएं अपने नियंत्रण सभी कार्य को बखूबी कर सकती हैं। 8 मार्च को महिलाओं द्वारा पूरी तरह संचालित ट्रेन से हमारा मनोबल बढ़ता है। देश के विकास में महिलाओं को महत्वपूर्ण योगदान है।


