महिला बनकर गाड़ियां रुकवाते, फिर साथी करते थे लूट:हमेशा साथ रखते पिस्टल और मिर्च पाउडर; कोहिनूर गैंग के 5 बदमाश गिरफ्तार

कोटा पुलिस ने लूट की योजना बना रहे 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध देसी कट्टा, एक कारतूस, 2 चाकू, मिर्ची पाउडर और एक रस्सी बरामद की है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों के पास से महिला के कपड़े भी मिले हैं। जांच में पता चला कि गिरोह का एक सदस्य महिला का भेष धारण कर सुनसान इलाकों में गाड़ियों को रुकवाता था। इसके बाद, अन्य साथी मौके पर पहुंचकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। बदमाश कोहिनूर गैंग 0007 से जुड़े हुए हैं। आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उनके आपराधिक नेटवर्क और पिछली वारदातों के बारे में जानकारी मिल सके। मामला कोटा-चित्तौड़ नेशनल हाईवे का है। कोटा शहर एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया- बोरखेड़ा थाना पुलिस गुरुवार रात करीब 9 बजे हाईवे पर गश्त के दौरान कार में पांच संदिग्ध युवक बैठे दिखाई दिए। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की तो हथियार और आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे हाईवे पर ट्रक और अन्य वाहनों को निशाना बनाकर लूटपाट की योजना बना रहे थे। कोहिनूर गैंग 0007 के सदस्य है। वारदात से पहले ही बदमाश गिरफ्तार जांच में सामने आया कि आरोपियों में से युवक महिला का वेश धारण कर वाहनों को रुकवाता, जबकि अन्य साथी पीछे से पहुंचकर ड्राइवर के साथ लूट की वारदात को अंजाम देते। हालांकि, पुलिस की सतर्कता से वारदात होने से पहले ही सभी बदमाश पकड़ लिए गए। गैंग के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि बरामद देसी कट्टा कोहिनूर गैंग से जुड़े कालू मीणा, शरणजीत सरदार और लोकेश से खरीदा गया था। पुलिस अब हथियार सप्लाई और गैंग के नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है। फरार संदिग्धों की तलाश के लिए विशेष टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। फायरिंग-स्टंट से जुड़े वीडियो पोस्ट किए उधर, पुलिस के संज्ञान में यह भी आया है कि सोशल मीडिया पर “कोहिनूर गैंग (कोहिनूर ग्रुप कोटा) 0007” नाम से एक पेज संचालित किया जा रहा है, जिसमें हथियार प्रदर्शन, फायरिंग और स्टंट से जुड़े वीडियो पोस्ट किए गए हैं। बताया जा रहा है कि इस पेज से 200 से अधिक युवा जुड़े हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे प्लेटफॉर्म्स और गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। बदमाश मनीष सुमन (28), निवासी शिमला विकास योगी (22) निवासी कासमपुरा दीगोद, प्रदीप मीणा (21) निवासी उम्मेदगंज, रोहित मीणा (24) निवासी ताथेड, अजय मीणा (19) निवासी सीमलिया को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *