महिला बनी ग्राहक, युवक ने मास्टर की से खोला स्कूटी का लॉक , फरार

लुधियाना| कुंदनपुरी इलाके में युवक-युवती की एक शातिर जोड़ी ने स्कूटी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। स्कूटी मालिक के अनुसार, वह घर के अंदर था और उसकी एक्टिवा बाहर खड़ी थी। कुछ देर बाद जब वह काम पर जाने के लिए बाहर आया तो स्कूटी गायब मिली। पहले आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में सामने आया कि वारदात को एक युवक और युवती ने मिलकर अंजाम दिया। योजना के तहत युवती पहले पास की दुकान में ग्राहक बनकर अंदर चली गई, ताकि किसी को शक न हो। इसी दौरान बाहर खड़ा युवक स्कूटी की रेकी करता रहा। मौका मिलते ही युवक ने मास्टर की (नकली चाबी) निकाली और करीब 5 सेकेंड में स्कूटी का लॉक खोल दिया। इस बीच युवती दुकान से बाहर आई और सड़क से गुजर रहे ई-रिक्शा चालक को बातों में उलझाए रखा। जैसे ही स्कूटी स्टार्ट हुई, युवती पीछे बैठी और दोनों मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। चौकी कैलाश नगर के इंचार्ज ने बताया कि पीड़ित की लिखित शिकायत मिल चुकी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *