गिरिडीह | बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत अपग्रेड प्राथमिक विद्यालय महुआटांड़ के सचिव लाल मोहन साव के खिलाफ ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों ने सचिव को विद्यालय से हटाकर किसी अन्य विद्यालय में प्रतिनियुक्त करने की मांग की है।ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय के सचिव लाल मोहन साव नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित नहीं रहते हैं। हाजिरी बनाकर वे अक्सर विद्यालय से गायब रहते हैं, जिससे विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके अलावा सचिव पर मध्यान भोजन (मिड-डे मील) की राशि समय पर निकासी नहीं करने का भी आरोप लगाया गया है, जिसके कारण बच्चों को समय पर भोजन नहीं मिल पाता है।आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि सचिव का व्यवहार बच्चों के प्रति ठीक नहीं है और वे कई बार बच्चों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इससे बच्चों में भय का माहौल बन रहा है और उनकी पढ़ाई पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।


