महुआटांड़ में भाकपा माले की बैठक, 15 तक सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय

भास्कर न्यूज |गिरिडीह सदर प्रखंड के महुआटांड़ में शनिवार को असंगठित मजदूर मोर्चा और भाकपा माले प्रखंड कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मसूदन कोल ने की, जिसमें मजदूरों के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 15 मार्च तक पार्टी का सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक मजदूरों को संगठन से जोड़ा जा सके। इसके अलावा सहायक श्रम कार्यालय के समक्ष चार लेबर कोड से जुड़े मुद्दों तथा बालमुकुंद स्पांज आयरन कंपनी द्वारा दर्ज कथित झूठे मुकदमों के विरोध में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। माले नेता मसूदन कोल और किशोर राय ने कहा कि मजदूरों के हक और अधिकारों की लड़ाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने फैक्ट्री मजदूरों से अपील की कि वे माले के मजदूर विंग से जुड़कर अपना पंजीकरण कराएं। नेताओं ने भरोसा दिलाया कि सदस्यता गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई मजदूर प्रत्यक्ष रूप से आंदोलन में शामिल नहीं हो सकता, तब भी संगठन को अंदरूनी समर्थन देना जरूरी है।नगर कमेटी सचिव राजेश सिन्हा बैठक में उपस्थित नहीं थे, किंतु उन्होंने संदेश भेजकर जिले के मजदूरों से एकजुट होने का आह्वान किया। बैठक में किशोर राय, कन्हाय पांडेय, सनातन साहू, सकलदेव कोल, लखन कोल, सहदेव तुरी, राजन तुरी, मोहन कोल, भुनेश्वर तुरी, लूटन दास, राजू दास, गुलाब कोल, पवन यादव, हुबलाल राय, महताब अंसारी, रंजीत कुमार राय, मनोज कोल, प्रसादी राय, किशुन कोल एवं भीम कोल उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *