महेंद्रपुर में विज्ञान और गणित मेले का आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए

भास्कर न्यूज | दुर्गूकोंदल प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला महेंद्रपुर में विज्ञान, गणित मेला एवं सह-पालक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरपंच बलराम टेपरिया तथा विशेष अतिथि जनपद सदस्य पीलम नरेटी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला समिति के अध्यक्ष पंचम नरेटी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में हिरेसिंह नरेटी, भरत निषाद एवं नरेश कोमरे उपस्थित रहे। मेले में महेंद्रपुर, सटेली, राउरवाही एवं चिहरों के बच्चे, शिक्षक एवं पालक शामिल हुए। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया। माताओं के लिए गुलाल फेंक, सिक्का उठाओ एवं कुर्सी दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। बच्चों ने विज्ञान एवं गणित मेले में कुल 27 स्टॉल लगाए। इनमें विज्ञान और गणित के मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने बाल बाजार भी लगाया, जिसमें उन्होंने व्यापारिक कौशल का प्रदर्शन किया। सरपंच बलराम टेपरिया ने कहा कि आज के दौर में शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है। बच्चों द्वारा बनाए गए विज्ञान और गणित के मॉडल उनकी रचनात्मक सोच को दर्शाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध हैं। दुर्गूकोंदल। महेंद्रपुर में विज्ञान व गणित मेले का हुआ आयोजन।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *