मांगों को लेकर सचिव संघ धरने पर बैठा

भास्कर न्यूज| मालखरौदा प्रदेश पंचायत सचिव संघ के आह्वान पर जनपद पंचायत मालखरौदा में पदस्थ सभी पंचायत सचिवों ने नियमितीकरण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। यह धरना जनपद पंचायत कार्यालय के सामने हो रहा है। वे भाजपा को चुनावी वादे को याद दिलाने की कोशिश कर रहे हैं। पंचायत सचिव संघ द्वारा दिए गए लिखित आवेदन में बताया गया कि 2023-24 के विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने ‘मोदी की गारंटी’ नाम से एक चुनावी घोषणा पत्र जारी किया था, जिसमें यह वादा किया गया था कि भाजपा की सरकार बनने पर सभी पंचायत सचिवों का नियमितीकरण किया जाएगा। हालांकि, एक साल से अधिक का समय बीतने के बावजूद भी इस संबंध में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। धरने पर बैठे पंचायत सचिवों का कहना है कि वे वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम छोर तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में अपनी पूरी मेहनत लगा रहे हैं। इसके साथ ही चुनाव प्रक्रिया की जिम्मेदारी भी उन्होंने निभाई है, जिससे यह सुनिश्चित हुआ कि सभी सरकारी योजनाएं और कार्यक्रम सही तरीके से जनता तक पहुंचे। इन सचिवों का यह भी आरोप है कि विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों का नियमितीकरण तो पहले ही किया जा चुका है, लेकिन 25 से 30 वर्षों से काम कर रहे पंचायत सचिवों की मांग को अब तक अनसुना किया जा रहा है। पंचायत सचिवों ने कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं तो वे अपने काम को बंद कर कलम बंद हड़ताल करते हुए अनिश्चितकालीन धरना जारी रखेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *