भास्कर न्यूज | जालंधर गुलमोहर सिटी स्थित मां बगलामुखी धाम में वीरवार को भक्तों ने मां बगलामुखी जी के निमित्त हवन किया। ब्राह्मणों ने मुख्य यजमान बलजिंदर सिंह से पूजन कराकर हवन कुंड में आहुतियां डलवाईं। धाम के प्रवक्ता नवजीत भारद्वाज ने कहा कि केवल शरीर को पवित्र नदियों या तीर्थों में धोने से आत्मा पवित्र नहीं होती। यदि किसी व्यक्ति का मन विकारों (जैसे लालच, अहंकार, क्रोध) से भरा है, तो तीर्थ स्नान केवल बाहरी प्रदर्शन है। भारद्वाज कहते हैं कि ऐसे स्नान से एक हिस्सा (शरीर की गंदगी) तो धुल जाता है, लेकिन मन में मैंने तीर्थ स्नान किया है का अहंकार आने से मन पर दोगुनी गंदगी चढ़ जाती है। सच्चा तीर्थ परमात्मा का स्मरण और शब्द का विचार है, जो मन के भीतर की गंदगी को साफ करता है। उन्होंने कहा कि इंसान की असली पहचान उसके कर्मों और नीयत से ही होती है। प्रबंधकों ने बताया कि 9 जनवरी को मंदिर परिसर में मां बगलामुखी जी का भव्य जागरण करवाया जा रहा है। यहां श्वेता भारद्वाज, राकेश प्रभाकर, पूनम प्रभाकर, सरोज बाला, समीर कपूर, विक्की अग्रवाल, अमरेंद्र कुमार शर्मा, प्रदीप, दिनेश सेठ व अन्य श्रद्धालु उपस्थित थे।


