जिले में तीन नगर कौंसिल व एक नगर पंचायत के भी चुनाव हुए। माछीवाड़ा नगर कौंसिल, साहनेवाल नगर कौंसिल पर आप ने जीत दर्ज की। मुल्लांपुर दाखा नगर कौंसिल पर कांग्रेस ने कब्जा किया जबकि मलौद नगर पंचायत पर आप ने जीत दर्ज की। खन्ना के वार्ड नंबर 2 पर हुए उपचुनाव में चार बूथों पर वोटिंग हुई जिसमें तीन बूथों पर कांग्रेस उम्मीदवार आगे रहा। चौथे बूथ पर गिनती शुरू होते ही कमरे में मौजूद एक कैंडिडेट ने ईवीएम तोड़ दी। हंगामा हो गया। इसके बाद चौथे बूथ की गिनती पोस्टपोन कर दी गई। एआरओ ने रिपोर्ट बनाकर चुनाव आयोग को भेज दी है। आयोग के फैसले के अनुसार आगे की कार्रवाई। तीन बूथों पर कांग्रेस उम्मीदवार सतनाम चौधरी को विजयी घोषित कर दिया गया। माछीवाड़ नगर कौंसिल के 15 वार्ड में से 10 पर आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की। वहीं कांग्रेस ने 3 और शिअद ने दो वार्ड में जीत दर्ज की। साहनेवाल नगर कौंसिल के 15 वार्ड में से 8 पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार जीते, 6 पर कांग्रेस जबकि 1 पर अकाली दल ने जीत दर्ज की। इसी तरह मुल्लांपुर दाखा के 13 वार्ड में से 7 पर कांग्रेस, 3 पर आप और 3 पर आजाद उम्मीदवार जीते। यहां पर अकाली दल का एक भी प्रत्याशी जीत दर्ज नहीं कर सका। इसके अलावा मलौद नगर पंचायत पर 11 सीटों में से 7 पर आप ने कब्जा कर जीत दर्ज की जबकि 4 सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार जीत सके। खन्ना में ईवीएम तोड़ी, मुल्लांपुर में विजेता के काफिले पर हमला नगर कौंसिल खन्ना के वार्ड नंबर 2 के उपचुनाव के दौरान ईवीएम तोड़ने वालों पर कार्रवाई न होने पर कांग्रेसियों ने जम्मू को जाता खन्ना-नवांशहर हाईवे पर जाम कर दिया। देर रात 2.00 बजे तक प्रदर्शनकारी हाइवे पर बैठे रहे। जिस बूथ की गिनती के दौरान ईवीएम तोड़ी गई है वहां के कैमरे को भी उखाड़ दिया गया। वहीं मुल्लांपुर दाखा नगर कौंसिल के चुनाव में जीती आजाद उम्मीदवार सर्बजीत कौर व अन्य के काफिले पर पुरानी दाना मंडी में हमला कर दिया। उनका आरोप है कि इस दौरान 150 से 200 कांग्रेसियों ने तलवारों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस दौरान आजाद उम्मीदवार सर्बजीत कौर का बेटा लवप्रीत सिंह और उसका दोस्त रणजीत सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को पटियाला रैफर कर दिया गया है।


