बालोतरा में बस-ट्रेलर की भीषण भिड़ंत में 3 और 6 साल के दो सगे भाइयों की मां-बाप की गोद में मौत हो गई। हादसे में घायल नर्सिंग ऑफिसर पिता और मां की हालत गंभीर है, जिनका जोधपुर के हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। पूरा परिवार होली की छुट्टियां मनाने के लिए पोकरण (जैसलमेर) से जालोर के बागोड़ा में अपने पैतृक गांव राऊता जा रहा था। घटना बालोतरा जिले के सरवड़ी गांव NH 25 पर शुक्रवार शाम 4 बजे की है। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। शव बस की खिड़कियों से लटक गए थे। एक बच्चे का हाथ कटकर सड़क पर गिर गया था। कुछ यात्रियों के शव क्षत-विक्षत हो गए। गांव के लोगों ने पास में ट्रैक्टर लगाकर घायलों को बाहर निकाला और हॉस्पिटल पहुंचाया। परिवार के साथ जालोर में पैतृक गांव जा रहे थे
धारूराम निवासी बागोड़ा (जालोर) पोकरण (जैसलमेर) के जिला हॉस्पिटल में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर तैनात हैं। परिवार में पत्नी बीबा के अलावा 2 बेटे शिवराज (3) और युवराज (6) थे। होली पर छुट्टी लेकर धारूराम परिवार के साथ प्राइवेट बस से पोकरण से जोधपुर होते हुए अपने पैतृक गांव जा रहे थे। लेकिन नेशनल हाईवे पर बस और ट्रेलर की टक्कर हो गई। हादसे में माता-पिता की गोदी में बैठे शिवराज और युवराज के सिर पर गंभीर चोटें आई, जिससे दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पति- पत्नी गंभीर घायल हो गए। पोकरण जिला हॉस्पिटल में मिली पहली पोस्टिंग धारूराम का एक साल पहले ही नर्सिंग ऑफिसर पद पर चयन हुआ था। उनकी पोकरण में जॉइनिंग हुई थी। फिलहाल उनका प्रोबेशन पीरियड चल रहा है। परिवार में धारूराम समेत तीन भाई हैं, पिता किसान हैं। ओवरटेक करते समय सामने से आए ट्रेलर से टकराई थी बस
बालोतरा एसडीएम अशोक कुमार ने बताया- हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ। सांचौर की ओर जा रही बस की सामने से आ रहे ट्रेलर से टक्कर हो गई। बस ड्राइवर आगे चल रही 2 गाड़ियों को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर से ड्राइवर साइड का हिस्सा टकरा गया। हादसे में जान गंवाने वाले 5 लोगों की पहचान नरपत (50) निवासी चितलवाना (जालोर), नगाराम (38) निवासी सायला (जालोर), अनुषा (22) निवासी दांता (जालोर), शिवराज (3) और युवराज (6) पुत्र धारूराम निवासी बागोड़ा (जालोर) के रूप में हुई है। जोधपुर हॉस्पिटल में एडमिट प्रत्यक्षदर्शी बोला- एक्सीडेंट होते ही मैं बेहोश हो गया जालोर के मोरसिंग निवासी बगदाराम (60) ने बताया- तीन माह पहले जोधपुर एम्स में फिस्टुला का ऑपरेशन हुआ था। मैं उसी की जांच करवाने के लिए जोधपुर एम्स आए थे। एम्स में डॉक्टर को दिखाने के बाद निजी ट्रेवल्स की बस से अपने घर जा रहे थे। रास्ते में पचपदरा के पास बस का एक्सीडेंट हो गया। मैं कांच के शीशे के पास बैठा था। मेरे हाथ में कांच आकर लगा। मैं एक्सीडेंट होते ही बेहोश हो गया था। कुछ समय बाद जब बस से घायलों को निकाला जा रहा था, तब मुझे होश आया। इसके बाद मुझे बस से बाहर लाया गया और अस्पताल पहुंचाया गया। बगदाराम के बाएं हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। मथुरादास माथुर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। मैं हादसे में बाल-बाल बच गया
प्रत्यक्षदर्शी जैताराम ने बताया- एक्सीडेंट में बस एक तरफ से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। मेरे चाचा बगदाराम का एक हाथ में फ्रैक्चर हो गया है। मैं जिस सीट पर बैठा था, उस पर बैठे बाकी तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मैं हादसे में बाल-बाल बच गया। करीब आधे घंटे तक आस-पास से जाने वाले लोगों को रुकवाया। इसके बाद घायलों को बाहर निकाला। होली मनाने के लिए घर जा रहे थे प्रत्यक्षदर्शी रमेश बिश्नोई ने कहा- मैं सांचोर का ही रहने वाला हूं। मैं और मेरा भाई होली मनाने के लिए घर जा रहे थे। दोपहर 1 बजे हम एक बस में बैठ गए थे, लेकिन कल्याणपुरा के पास जाकर बस खराब हो गई। करीब 10-15 मिनट तक हम बस में ही बैठे रहे। फिर बस वाले ने कहा कि दूसरी बस आ रही है, आप उसमें बैठ जाओ, वो आपको भारत माला से सीधा पहुंचा देगी। फिर हम दूसरी बस में बैठ गए। हादसे के वक्त एक छोटे बच्चे का हाथ कटकर मेरे सामने आकर लगा था। बस के कांच वगैरह सब टूट गए थे। ……………………………………………… हादसे से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… बालोतरा में ट्रेलर से टकराई स्लीपर बस, 6 की मौत:दो सगे भाइयों के सिर धड़ से अलग हो गए, सीटों से नीचे लटके शव बालोतरा जिले के सरवड़ी गांव में नेशनल हाईवे-25 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। स्लीपर बस ओवरटेक के दौरान सामने से आए ट्रेलर से टकरा गई। पूरी खबर पढ़िए


